बिहार में स्कूल बंद; पंजाब, हरियाणा में शीतलहर का रेड अलर्ट
उत्तर भारत के कई राज्यों तेज सर्दी बनी हुई है। दिल्ली में शनिवार को इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। मिनिमम टेम्परेचर गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कोहरे की वजह से दिल्ली से चलने वाली या वहां पहुंचने वाली 18 ट्रेन 1 से 6 घंटे की देरी से चल रही हैं।इधर, हरियाणा के हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पारा 3.0°C रिकॉर्ड किया गया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा में कोहरे के साथ-साथ कोल्ड वेव और पाला पड़ने का अलर्ट है।
बिहार में 16 जनवरी तक स्कूल बंद
बिहार में ठंड को देखते हुए पटना में 8वीं तक के सभी स्कूलों में 16 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है। मुधबनी में 5वीं तक के स्कूलों को भी 16 जनवरी तक बंद करने का फैसला किया गया है।
आने वाले दिनों में ऐसा रहेगा मौसम
शनिवार (13) जनवरी की सुबह देश के 18 राज्यों में कोहरा दिखा। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड शामिल हैं।दक्षिण के राज्यों में आज कोहरे या कोल्ड वेव का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी और केरल में बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में भी 15 जनवरी तक सामान्य बारिश की संभावना है।उत्तराखंड में 17-18 जनवरी को हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है और हिमाचल प्रदेश में भी 16 और 17 जनवरी को हलकी बारिश हो सकती है।